Jun 2, 2026

02-06-2026 मियाँ की जूती मियाँ के सिर


02-06-2026 मियाँ की जूती मियाँ के सिर


तोताराम ने बैठते ही पूछा- माताजी का क्या हाल है ? हमने कहा- क्या बहकी-बहकी बात कर रहा है । इस गई 20 अप्रैल को माताजी को गुजरे 26 साल हो गए और आज तू हाल पूछ रहा है ।वैसे तो प्राण निकलने के साथ ही सब खेल खत्म हो जाता है लेकिन धर्म के नाम पर मुफ़्त का माल खाने वाले परजीवी लोग स्वर्ग नरक का चक्कर चलाकर कभी श्राद्ध, कभी बरसी के नाम पर ठगते रहते हैं । मरे हुए के नाम पर जिंदा का जीना हराम किये रहते हैं । अगर इसी रफ्तार से जगद्गुरु की वैज्ञानिक सोच बढ़ती रही तो ये लोग आपके मृत माता-पिता के नाम से अपना रिचार्ज करवाने लगेंगे कि यजमान आपकी माताजी के ताजा हालचाल मिलते रहने के लिए तीन हजार का जियो का रिचार्ज करवा दीजिए । बोला- मैं ताई के हालचाल थोड़े पूछ रहा हूँ । मैं तो योगी जी की माताजी का हाल जानना चाहता था । हमने कहा- तो फिर तुझे योगी जी से पूछना चाहिये । उनकी माताजी सावित्री देवी पौड़ी गढ़वाल में रहती हैं । अगर कुछ ऐसा वैसा हुआ होता तो अब तक तो सारे देश को खबर हो जाती । बोला- मैं जन्म देने वाली माता की नहीं, बल्कि बिना घोषित किए ही राष्ट्र की स्वतः सनातन माता ‘गौमाता’ की बात कर रहा हूँ जिसका कुछ मुसलमान धार्मिक नेताओं ने उसे ‘राष्ट्रीय पशु’ कहकर अपमान किया है । इन पर तो राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलता चाहिए । और फौरी न्याय के बतौर इनके घरों पर बुलडोज़र तो तत्काल चला ही दिया जाना चाहिए । हमने कहा- इस संसार में सभी पशु ही तो है । शेर, बाघ, भेड़िया हिंस्र पशु हैं; गाएं, भैंस, बकरी, भेड़, घोडा, गधा आदि पालतू पशु हैं । ये चौपाये होते हैं । मनुष्य के दो पैर होते हैं । वह अपने आगे के दो पैरों को हाथों की तरह काम में लेकर औजार बना सकता है, खेती कर सकता है, समाज का निर्माण करता है इसलिए वह एक सामाजिक पशु ( सोशियल एनिमल ) है । जैसे ही मनुष्य ने दो पैरों पर खड़े होना शुरू किया वह पशु से भिन्न हो गया । बंदर भालुओं को भी राम ने अपने साथ लिया क्योंकि वे दो पैरों पर खड़े हो सकते थे और मनुष्य के परिवार के निकट ही थे । साहित्य-संगीत-कला विहीन अंध भक्त भी तो बिना सींग पूंछ के पशु ही हैं । लालची को धन-पशु कहते हैं ।कृष्ण की आठ पटरानियों में से एक ऋक्षराज जांबवान की पुत्री जांबवती थी । बोला- गाय हमें दूध पिलाती है इसलिए वह माता है, सभी देशवासी उसका दूध पीते हैं इसलिए वह पशु नहीं राष्ट्रमाता है । हमने कहा- अगर दूध पिलाने वाली माता होती है तो लोग तो भैंस, बकरी, भेड़, ऊंटनी आदि का दूध भी पीते हैं । उन्हें भी माता नहीं तो कम से कम मौसी, चाची, ताई कुछ तो दर्जा दिया जाना चाहिए । और फिर जब राष्ट्रमाता है तो बंगाल में 14 साल की होने पर उसका दर्जा छीन कर काटने योग्य क्यों घोषित कर दिया जाता है ? फिर वह नॉर्थ ईस्ट और गोवा में माता क्यों नहीं है ? अगर माता है तो माता है फिर चाहे कहीं भी, कितनी भी उम्र की हो । मुसलमानों को हड़काने के लिए कुछ और, चुनाव के लिए कुछ और, और हिन्दू मालिकों के बूचड़खानों के लिए कुछ और । हो सकता है कल को मछली हाथ में लटकाकर बंगाल में चुनाव प्रचार करने की तरह नागालैंड में गाय काटते हुए या मंगलवार को गौमांस खाने का वीडियो जारी करना पड़ जाए । और फिर भई हमारे पासपोर्ट में तो हमारी वास्तविक माता का ही नाम लिखा हुआ है । जो माता मानते हैं उनके रिकार्ड में चेंज करवा दे । वैसे सावरकर गाय को माता नहीं, एक उपयोगी पशु मात्र मानते थे । तो क्या सावरकर पर भी एफ आई आर करोगे ? और किरण रिजिजू तो घोषित गाय भक्षक है । उसे भाजपा और मंत्रीमंडल से तो कम से कम अभी हटा दो । और बीफ खाने वाले फादरलैंड इज़राइल से तो संबंध तोड़ ही लो । बोला- फिलहाल तो इस मादनी का कुछ करना पड़ेगा जिसने मियाँ की जूती मियाँ के सिर मार दी ।




 

 




पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)

(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach

Jun 1, 2026

01-06-2026 आज का मेन्यू


02-06-2026 

मियाँ की जूती मियाँ के सिर 






तोताराम ने बैठते ही पूछा- माताजी का क्या हाल है ?

हमने कहा- क्या बहकी-बहकी बात कर रहा है । इस गई 20 अप्रैल को माताजी को गुजरे 26 साल हो गए और आज तू हाल पूछ रहा है ।वैसे तो प्राण निकलने के साथ ही सब खेल खत्म हो जाता है लेकिन धर्म के नाम पर मुफ़्त का माल खाने वाले परजीवी लोग स्वर्ग नरक का चक्कर चलाकर कभी श्राद्ध, कभी बरसी के नाम पर ठगते रहते हैं । मरे हुए के नाम पर जिंदा का जीना हराम किये रहते हैं । अगर इसी रफ्तार से जगद्गुरु की वैज्ञानिक सोच बढ़ती रही तो ये लोग आपके मृत माता-पिता के नाम से अपना रिचार्ज करवाने लगेंगे कि यजमान आपकी माताजी के ताजा हालचाल मिलते रहने के लिए तीन हजार का जियो का रिचार्ज करवा दीजिए । 

बोला- मैं ताई के हालचाल थोड़े पूछ रहा हूँ । मैं तो योगी जी की माताजी का हाल जानना चाहता था । 

हमने कहा-  तो फिर तुझे योगी जी से पूछना चाहिये । उनकी माताजी सावित्री देवी पौड़ी गढ़वाल में रहती हैं । अगर कुछ ऐसा वैसा हुआ होता तो अब तक तो सारे देश को खबर हो जाती ।

बोला- मैं जन्म देने वाली माता की नहीं, बल्कि बिना घोषित किए ही राष्ट्र की स्वतः सनातन माता ‘गौमाता’ की बात कर रहा हूँ जिसका कुछ मुसलमान धार्मिक नेताओं ने उसे ‘राष्ट्रीय पशु’ कहकर अपमान किया है । इन पर तो राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलता चाहिए । और फौरी न्याय के बतौर इनके घरों पर बुलडोज़र तो तत्काल चला ही दिया जाना चाहिए । 

हमने कहा- इस संसार में सभी पशु ही तो है । शेर, बाघ, भेड़िया हिंस्र पशु हैं; गाएं, भैंस, बकरी, भेड़, घोडा, गधा आदि पालतू पशु हैं । ये चौपाये होते हैं । मनुष्य के दो पैर होते हैं । वह अपने आगे के दो पैरों को हाथों की तरह काम में लेकर औजार बना सकता है, खेती कर सकता है, समाज का निर्माण करता है  इसलिए वह एक सामाजिक पशु ( सोशियल एनिमल )  है । जैसे ही मनुष्य ने  दो पैरों पर खड़े होना शुरू किया वह पशु से भिन्न हो गया । बंदर भालुओं को भी राम ने अपने साथ लिया क्योंकि वे दो पैरों पर खड़े हो सकते थे और मनुष्य के परिवार के निकट ही थे । साहित्य-संगीत-कला विहीन अंध भक्त भी तो बिना सींग पूंछ के पशु ही हैं । लालची को धन-पशु कहते हैं ।कृष्ण की आठ पटरानियों में से एक ऋक्षराज जांबवान की पुत्री जांबवती थी । 

बोला- गाय हमें दूध पिलाती है इसलिए वह माता है, सभी देशवासी उसका दूध पीते हैं इसलिए वह पशु नहीं राष्ट्रमाता है । 

हमने कहा- अगर दूध पिलाने वाली माता होती है तो लोग तो भैंस, बकरी, भेड़, ऊंटनी आदि का दूध भी पीते हैं ।  उन्हें भी माता नहीं तो कम से कम मौसी, चाची, ताई कुछ तो दर्जा दिया जाना चाहिए । और फिर जब राष्ट्रमाता है तो बंगाल में 14 साल की होने पर उसका दर्जा छीन कर काटने योग्य क्यों घोषित कर दिया जाता है ? फिर वह नॉर्थ ईस्ट और गोवा में माता क्यों नहीं है ? अगर माता है तो माता है फिर चाहे कहीं भी, कितनी भी उम्र की हो । मुसलमानों को हड़काने के लिए कुछ और, चुनाव के लिए कुछ और, और  हिन्दू मालिकों के बूचड़खानों के लिए कुछ और । हो सकता है कल को मछली हाथ में लटकाकर बंगाल में चुनाव प्रचार करने की तरह नागालैंड में गाय काटते हुए या मंगलवार को गौमांस खाने का वीडियो जारी करना पड़ जाए ।  

और फिर भई हमारे पासपोर्ट में तो हमारी वास्तविक माता का ही नाम लिखा हुआ है । जो माता मानते हैं उनके रिकार्ड में चेंज करवा दे । वैसे सावरकर गाय को माता नहीं, एक उपयोगी पशु मात्र मानते थे । तो क्या सावरकर पर भी एफ आई आर करोगे ? और किरण रिजिजू तो घोषित गाय भक्षक है । उसे भाजपा और मंत्रीमंडल से तो कम से कम अभी हटा दो ।  और बीफ खाने वाले फादरलैंड इज़राइल से तो संबंध तोड़ ही लो । 

बोला- फिलहाल तो इस मादनी का कुछ करना पड़ेगा जिसने मियाँ की जूती मियाँ के सिर मार दी । 



 




पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)

(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach

May 31, 2026

31-05-2026 धर्मो रक्षति रक्षितः


31-05-2026 


धर्मो रक्षति रक्षितः 







आज तोताराम बहुत खुश था, बोला- देखा, ऐसे धर्म अपनी रक्षा करने वाले की रक्षा करता है । आखिर ‘ट्रम्प’ की जान बच ही गई । 


हमने कहा- तोताराम, क्या अब फिर किसी ने संत शिरोमणि ट्रम्प पर  प्राणघातक हमला कर दिया ? जुलाई 2024 में चुनाव प्रचार के दौरान हमला, अप्रैल 2026 में कोरसपोन्डेंट्स डिनर के समय हमला और अभी मई में व्हाइट हाउस के सामने फिर गोलीबारी । वास्तव में इस दुनिया में भले लोगों का तो जीना ही हराम है । ईसा मसीह को दुष्ट लोगों ने सूली पर चढ़ा दिया । महात्मा गाँधी, मुजीबुर्रहमान, भंडारनायके, इंदिरा गाँधी, राजीव गाँधी जाने किन किन की हत्या कर दी गई ।


बोला- मैं हत्या की बात नहीं कर रहा ।  मैं तो ईद के दिन बांग्ला देश में कुर्बानी से ‘ट्रम्प’ को बचा लिए जाने की बात कर रहा हूँ । 


हमने कहा- यह ठीक है हमारे यहाँ नर बलि के कई प्रसंग आते हैं । खलीफा ने भी अल्लाह के लिए अपने बेटे की बलि दी थी लेकिन जैसा कि ऐसे मामलों में होता है तलवार किसी और पर चल गई और खलीफा का बेटा बच गया । हमारे यहाँ भी कुछ दुष्ट लोग महात्मा गाँधी की हत्या को ‘वध’ कहते हैं जो कि एक प्रकार से महान पुण्य कार्य माना जाता है । हिन्दू महासभा की एक नेता शकुन पांडे ने तो बाकायदा गाँधी के पुतले पर गोली चलाते हुए फ़ोटो खिंचवाकर अपने इरादों का परिचय दिया था । इसी तरह से हिन्दू महासभा के विनायक सावरकर से सहायता प्राप्त गोडसे के पत्र में एक कार्टून में गाँधी को दस सिर वाला ‘रावण’ बनाकर श्यामाप्रसाद मुखर्जी और सावरकर द्वारा उस पर तीर चलते हुए दिखाकर अपने इरादे ज़ाहिर कर दिए थे ।  


लेकिन ट्रम्प को किसने पकड़कर बांग्लादेश पहुँचा दिया ? ईरान से तो ऐसा समाचार आया नहीं और न ही ट्रम्प इन दिनों बांग्लादेश की यात्रा पर हैं कि किसी पशु विक्रेता ने उन्हें भैंसा समझकर पकड़कर किसी कसाई को बेच दिया । हालाँकि जिस तरह से उन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़कर मंगवा लिया और अब उसका तेल भारत जैसे अपने आज्ञाकारी देशों को बेचने वाले हैं और भारत के उद्योगपति यहाँ निवेश करके बेकारी कम करने की बजाय अमेरिका में निवेश कर रहे है, उससे तो ट्रम्प दुनिया में इस समय महिषासुर कीतरह किसी बिगड़ैल भैंसे वाली भूमिका ही निभा रहे हैं । 


वैसे भारत में तो मुसलमानों ने ईद के मौके पर अपने को विवादों से परे रखने की समझदारी दिखाई है गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने का नारा देकर और पशुपालकों से गाय न खरीदकर । 


बोला- मास्टर, तू मेरी बात सुने बिना ही बात को अपने अनुसार रँग कर बढ़ाए चला जा रहा है । यह अमेरिका का राष्ट्रपति ट्रम्प नहीं बल्कि 700 किलो का एक एलबीनो भैंसा है जिसके बाल भूरे हैं और रंग भी काला नहीं है । 


हमने कहा- यह तो बीमारी है । कई ऐसे बच्चे भी होते हैं जिनकी चमड़ी बहुत गोरी सी हो जाती है और बाल भी सफेद या सुनहरे और आँखें दिन में ढंग से नहीं देख पातीं । यह एक प्रकार का विकार है । मनुष्यों की तरह जानवरों में भी विकार हो जाते हैं । ये जन्मजात होते हैं और ठीक होना बहुत मुश्किल है । 


अपंग मनुष्य और बीमार जानवर की कुर्बानी जायज नहीं है ।हो सकता है शरीर की तरह दिमाग में भी कोई खराबी आ गई हो ।  अच्छा हुआ जो ‘ट्रम्प’ की कुर्बानी नहीं दी । ऐसे जानवर को खाकर जाने कितने लोग जिस्मानी और दिमागी तौर पर बीमार हो सकते थे । सरकार ने भी अच्छा ही किया जो उस भैंसे को चिड़ियाघर में भेज दिया लेकिन 700 किलो की कोई चिड़िया होती है क्या ? 


इसे तो सूअरों में बाड़े में रखना चाहिए था ।


 फिर भी चलो अच्छा ही हुआ । अगर अपने इस ‘भावना प्रधान देश’ में ऐसा हुआ होता तो इस ईद पर गाय की कुर्बानी से बच निकले मुसलमानों को मोदी जी के मित्र की कुर्बानी के अर्द्ध सत्य ‘ट्रम्प हतो नरो वा भैंसो वा’ को लेकर दंगा करवा देते । 


-रमेश जोशी 


 

 



पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)

(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach

May 30, 2026

29-05-2026 मास्टर, यू आर ग्रेट



29-05-2026 


मास्टर,  यू आर ग्रेट 



आज तोताराम ने आते ही मोदी जी के तेल का कम उपयोग करने की सलाह और अपील के बावजूद तेल का पूरा का पूरा टिन ही बरामदे में फैला दिया, बोला- मास्टर, यू आर ग्रेट ।

 

हम फिसलते फिसलते बचे । बड़ी मुश्किल से खुद को संभालते हुए बैठे रहे और कहा- यह कैसा षड्यन्त्र है ? हम कोई ग्रेट नहीं हैं । ग्रेट होना कोई मजाक है ? जो चाहे जिसे चाहे जब चाहे ग्रेट कह देता है । भारत में इतिहास में दो ही ग्रेट हुए हैं एक अशोक और दूसरा अकबर । वे भी दोनों एक साथ नहीं हुए । दोनों में 15-16 सौ साल का अंतर है । 


बोला- नहीं, ऐसी बात नहीं है । अब एक साथ दो दो ग्रेट सारी दुनिया देख रही है कि नहीं । एक अमेरिका में ट्रम्प और दूसरे भारत में मोदी जी । वे वहाँ अमेरिका को ग्रेट बनाने के लिए हाथ धोकर पीछे पड़े हुए हैं । जनता घबराई हुई है । पता नहीं, अब और कितना ग्रेट बनाएगा । दम फूला जा रहा है । ऐसे ही यहाँ मोदी जी 20-20 घंटे बिना आराम किए भारत को ग्रेट बनाने में भिड़े हुए हैं । चिंतित तो यहाँ की जनता भी बहुत है ग्रेटनेस से लेकिन कोई सुनने वाला ही नहीं है ।


हमने कहा- तोताराम, हमें तो लगता है कि अब इस देश दुनिया में सामान्य लोग तो पैदा होने ही बंद हो गए हैं ।  

जो भी पैदा होता है ग्रेट से कम होता ही नहीं है ।बंगाल में सुवेन्दु अधिकारी को देख ले, उत्तराखंड में धामी को देख ले, असम में हिमन्त बिस्वा को देख ले कोई कहीं से सामान्य नजर आता है ? लेकिन हम न तो ग्रेट हैं और न ही ग्रेट बनना चाहते हैं और न ही कोई हमें ग्रेट कहकर उल्लू बना सकता है ।  


बोला- फिर भी मास्टर, इतने दिन से तू मुझे निभा रहा क्या यह ग्रेटनेस नहीं है ? 


तोताराम के इस वाक्य ने हमें गहरे तक छू लिया । हमने कहा- तोताराम, तुम्हें क्या निभाना ? तू तो एक प्रकार हमारा ही दूसरा पहलू है । अरे,  एक चाय का ही तो खर्चा है । सोच, कौन किसके यहाँ ऐसे नियमित रूप से आता है । हम तेरे बिना सुबह की कल्पना भी नहीं कर सकते । 


बोला- फिर भी मास्टर, एक बात तो माननी पड़ेगी । भारत में अनेक प्रधानमंत्री हुए हैं लेकिन किसी को अमेरिका के किसी राष्ट्रपति ने ‘यू आर ग्रेट’ लिखकर नहीं दिया । ऐसा कहते हुए तोताराम ने अपने फोन में से हमारे सामने एक बड़ा फ़ोटो कर दिया जिसमें अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियों गोर मोदी जी को एक फ़ोटो भेंट कर रहे हैं जिसमें मोदी जी और ट्रम्प दिखाई दे रहे हैं और जिस पर ट्रम्प ने अपनी लिखावट में हस्ताक्षर सहित लिखा हुआ है- मिस्टर प्राइम मिनिस्टर यू आर ग्रेट ।






हमने कहा- तोताराम, यह ग्रेटनेस बहुत महँगी पड़ रही है । इसके बदले में भारत को अगले पाँच साल में अमेरिका से 500 अरब डालर अर्थात 42 लाख करोड़ का सामना खरीदना पड़ेगा । भारत पर इतना विदेशी कर्ज तो मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने से पहले शुरू के 66 वर्षों में भी नहीं हुआ था ।

बोला- फिर भी क्या यह कम गर्व की बात है कि अकबर के 500 सालों बाद इस देश को एक ग्रेट मिला है । ऐसे देखें तो एक साल का एक अरब डॉलर ही तो हुआ । इस देश की जनता में ‘इस सीमेंट’ की तरह ‘बहुत जान है’ । 


हमने कहा- ट्रम्प बहुत अविश्वसनीय व्यक्ति है । वह एक बार पकड़ लेने पर किसी का पीछा नहीं छोड़ता । ईरान शांति वार्ता को ही देख ले ।  कितने दिन से नाटक पर नाटक किए जा रहा है । फिर कुछ दिन  बाद कह देगा कि मैं जब चाहूँ मोदी का कैरियर खत्म कर सकता हूँ । 


हमारा तो कहना है कि मोदी जी ग्रेटनेस का चक्कर छोड़ें और अगर कोई कमजोर नस दबी हुई है तो भी हिम्मत करके सब कुछ साफ कर देना चाहिए । नहीं तो यह आदमी ब्लेकमेल कर करके मोदी जी की सारी ज़िंदगी नरक बना देगा । 


बोला- मास्टर, इस बारे में तो मैं क्या कह सकता हूँ । इस बारे में तो कोई चाणक्य ही कुछ कह और कर सकता है । 



पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)

(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach