23-11-2026
मोदी जी का आभार
आज सुबह-सुबह तोताराम का फोन आ गया ।
यह ठीक है कि इस निठल्ले मुल्क को सरकार की सुनियोजित नीति ने बिना काम के कामों में उलझा दिया है जैसे कि गिर पड़ने पर बच्चे को चुप कराने के लिए माँ कहती है- देख, चींटी मर गई । बच्चा अपने फूटे घुटने को भूलकर चींटी के निधन का शोक मनाने लगता है । सस्ता डाटा जनता की सुविधा के लिए नहीं था बल्कि उसे उलझाने के लिए था । अब तो हालत यह है कि हम जैसे बूढ़े भी रात को आँख खुलने पर रील देखने लग जाते हैं ।इसलिए सुबह चार बजे खुलने वाली आँख अंधभक्तों की तरह अब खुलने का नाम ही नहीं लेती । ऐसे में सुबह सुबह तोताराम के फोन ने असहज किया ।
ऐसे अनेक शुभचिंतक है जो हमारा लोक-परलोक सुधारने के लिए शुभ सोमवार, शुभ मंगलवार जैसे सचित्र मेसेज नियमित रूप से भेज देते है और हम भी उन्हें बिना पढे फोन की मेमोरी बचाए रखने के लिए तत्काल डिलीट कर देते हैं । लेकिन तोताराम ने कोई मेसेज नहीं छोड़ा बल्कि सीधे-सीधे आरोप लगा दिया जैसे सरकार नल में पानी न आने जैसी शिकायत पर भी लोगों को दिमागी नक्सल ठहरा देती है । बोला- मास्टर, तू बहुत कृतघ्न है ।
हमने कहा- चार की जगह रुला-रुलाकर डेढ़ प्रतिशत डीए बढ़ाने पर हम वित्तमंत्री का आभार नहीं मान सकते । सूरज के उगने -छुपने के लिए किसी को धन्यवाद दें; मूर्तियों, मंदिरों और लाखों दीये जलाने को संस्कृति, देश और समाज का विकास मान लें, हम इतने मूर्ख नहीं हैं । लेकिन ऐसे नाशुकरे भी नहीं हैं कि किसी उपकार और सद्भावना के लिए धन्यवाद न दें । तूने भी तो आजतक हमें कभी चाय के लिए धन्यवाद नहीं दिया । हाँ, कभी भूल से चीनी कम हो गई तो चार बातें सुनाए बिना नहीं रहता ।
बोला- आज की बात न तो छोटी है, न सामान्य । सीटीआई के अध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने मोदी जी को धन्यवाद का पत्र लिखा है कि उनकी सलाह मानकर जिन लोगों ने सोना नहीं खरीदा वे बहुत बड़े नुकसान से बच गए क्योंकि मोदी जी की सलाह के कारण सोने के दाम गिर गए । अगर वे सोना खरीद लेते तो उन्हें बड़ा नुकसान हो जाता । तब का सोने का एक करोड़ नब्बे लाख रुपये किलो का भाव मात्र एक करोड़ पच्चीस लाख रुपए रह गया ।जिसने सोना नहीं खरीदा उसका प्रति किलो 65 लाख रुपए का नुकसान होने से बच गया । क्या यह छोटा फायदा है ?
हमने कहा- सॉरी तोताराम ! हमने तो इस बारे में कभी विचार ही नहीं किया । अच्छा हुआ जो सौ-दो सौ क्विंटल सोना नहीं खरीदा । अगर खरीद लेते तो जरूर दो चार सौ करोड़ की चपत लग ही जाती ।
और अगर पूरे देश का हिसाब लगाएं तो सिर ही चकरा जाता है । इस देश की जनता को बात, बिना बात सोना खरीदने का बहुत शौक है अगर भारत के 140 करोड़ लोग एक-एक दो-दो किलो सोना भी खरीद लेते तो ! वास्तव में देश की अच्छी-भली छलाँगे लगाती अर्थव्यवस्था का नुकसान हो जाता ।
रीयली वी आर ग्रेटफूल टु मोदी जी ।
बोला- मास्टर, तू कृतघ्न ही नहीं, दुष्ट भी है ।
हमने कहा- कैसे ?
बोला- ग्रेटफुल को तेरे जानबूझकर ग्रेटफूल बोलने का मतलब मैं खूब समझता हूँ ।
पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)
(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach
No comments:
Post a Comment