25-11-2026
कंबल-लपेट पिटाई
आज जैसे ही पत्रिका के बंगलुरु संस्करण में यहाँ के ‘सुख-शांति रिटायर्ड होम’ में कविता पाठ के आयोजन का समाचार पढ़ा तो तोताराम के फोन का इंतजार किए बिना हमने ही उसे वीडियो कॉल पर खड़खड़ा दिया । सही है कि जिसे तलब होती है वह किसी के सुख-दुख का विचार किए बिना अपने ‘मन की बात’ पेल ही देता है जैसे मोदी जी ।
चंद्र टरै, सूरज टरै, टरै जगत व्यवहार
पै राजा हरिचन्द को टरै न सत्य विचार ।।
2047 तक तो उनका घोषित एजेंडा है ही । उसके बाद भी उन्हें कौन रोक सकता है ।साक्षात विष्णु । अवतारों को तो जाना ही पड़ता है चाहे राम हो या कृष्ण या फिर बुद्ध लेकिन ब्रह्मा, विष्णु, महेश, इन्द्र, गणेश, लक्ष्मी, पार्वती, शनि आदि तो सनातन हैं । कभी भी पीछा नहीं छोड़ेंगे ।
स्क्रीन पर तोताराम प्रकट हुआ ।
हमने पूछा- तोताराम, आज तुम्हारा कंजमुख राजस्थान के पंचायत चुनावों में भाजपा के कमल की तरह अधोमुख क्यों हो रहा है । हिम्मत रख । अबकी बार जब सीकर आएंगे तो तेरी सुख-शांति के लिए चाय के साथ तुझे रोज एक कविता सुनाया करेंगे ।
बोला- एक चाय के लिए मैं अपने प्राण संकट में नहीं डाल सकता । जान है तो जहान है । मैं नेहरू जी के जमाने का ओल्ड पेंशन प्राप्त करने वाला एक सम्मानित वरिष्ठ नागरिक हूँ । मेरी भाजपा के भक्त कार्यकर्ताओं और पर्ची मुख्यमंत्रियों की तरह मोदीजी के मन की बात सुनना, सुनते हुए फ़ोटो अखबार में छपवाना और ऊपर पार्टी कार्यालय में भेजने की कोई मजबूरी नहीं है ।
हमने कहा- हिन्दी का अध्यापक होते हुए ऐसी कैसी अरसिकता की बातें करता है । कल ही बंगलुरु के ‘सुख-शांति रिटायर्ड होम’ में बुजुर्ग लोगों की सुख-शांति के लिए कविता-पाठ का आयोजन किया गया था तो क्या वह उन पर अत्याचार था ?
बोला- तुझे पता होना चाहिए कि किसी को कविता सुनाना एक चतुर, सात्विक दंड है । यह वैसे ही है जैसे पुलिस वाले किसी को कंबल में लपेटकर पीटें । इससे दर्द तो होता है लेकिन पिटाई का कोई प्रमाण नहीं दिया जा सकता । इसी तरह मन की बात होती है । आपकी गैस तो रिलीज हो जाती है लेकिन सामने वाले का क्या हाल होता है यह वही जानता है । तुझे पता होना चाहिए कि दिल्ली के तिहाड़ जेल में किरण बेदी ने एक बार कविसम्मेलन का आयोजन करवाया था तो क्या वह कैदियों के मनोरंजन के लिए था ? वह ऐसा सात्विक दंड देना था जिससे कैदियों की अक्ल ऐसी ठिकाने आ जाए कि वे भविष्य में शांति से अपना कार्यकाल पूरा करें और मैडम का काम आसान हो जाए ।
हमने कहा- लेकिन यहाँ ‘सुख-शांति रिटायर्ड होम’ में कोई अपराधी थोड़े रहते हैं । वे तो बुजुर्ग, वरिष्ठ और शांत लोग होते हैं ।
बोला- वृद्धावस्था में चाहे जितने सुख साधन मिल जाएँ फिर भी वृद्धावस्था अपने आपमें एक बीमारी होती है । वृद्धावस्था में हर व्यक्ति सबसे अधिक कामना यही करता है कि वह बिना कष्ट के इस दुनिया से विदा हो जाए ।
हमने कहा- कविता किसी की भी इस दुनिया से विदाई को कम कष्टकारक बना देती है । इसे पत्नी के हाथ की दाल समझो ।
बोला- मास्टर, कहीं तेरा दिमाग भी मोदी जी के आई आई टी बनाम आई टी आई की तरह चल तो नहीं गया है ? यहाँ दाल कहाँ से आ गई ?
हमने कहा- एक अपराधी को मौत की सजा सुनाई गई । फाँसी पर चढ़ने से पहले जज ने उससे उसकी अंतिम इच्छा पूछी । अपराधी ने अपनी पत्नी के हाथ की दाल खाने की इच्छा प्रकट की ।
जज को बहुत आश्चर्य हुआ कि इसकी पत्नी जाने कितनी स्वादिष्ट दाल बनाती होगी कि यह व्यक्ति आडवाणी जी की तरह एक बार प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठकर फ़ोटो खिंचवाने की बजाय उसके हाथ की दाल खाने की इच्छा प्रकट कर रहा है ।
जज ने बात को और स्पष्ट करने को कहा तो वह बोला- साहब, जब मैं अपनी पत्नी के हाथ की दाल खाता हूँ तो मुझे लगता है कि इस ज़िंदगी से तो मर जाना ही अच्छा है । दाल खाना शुरू करते ही जैसे ही मेरे मन में मरने की इच्छा आए आप फटाफट फाँसी पर लटका देना ।
पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)
(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach
No comments:
Post a Comment