Nov 27, 2026

22-11-2026 ग़ज़ब हो गया, मास्टर !


22-11-2026  

 

ग़ज़ब हो गया, मास्टर ! 

 

 

आज फिर सुबह-सुबह तोताराम ने वीडियो कॉल दे मारा । वैसे हम जानते हैं कि तोताराम के पास अपने ‘मन की बकवास’ के अतिरिक्त कोई सार्थक कार्यक्रम नहीं है फिर भी जब कोई फोन आता है तो हम यह सोचकर उठा लेते हैं कि क्या पता कुछ महत्वपूर्ण हो । वैसे ही जैसे हर भारतीय रात आठ बजे मोदी जी का  'भाइयो, बहनो !’ सुनकर किसी नोटबंदी या लॉकडाउन जैसी आपदा की आशंका से सिहर उठता है ।  

पूछा- क्या हुआ ?  

बोला- हुआ क्या, ग़ज़ब हो गया ।  

हमने भी आतुरता से पूछा- क्या ग़ज़ब ? 

बोला- कॉकरोचों पर दंड चलाने वाली, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए नेता प्रतिपक्ष को टाँगाटोली करके बस में पटक देने वाली, कानून की रक्षक, देशभक्त पुलिस ने एक देशद्रोही को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया ।  

हमने कहा- यह हो कैसे गया ? यहाँ तो एक छुटभैया नेता भी मोदी जी की तरह कपड़ों से देशद्रोहियों को पहचान सकता है ।  पार्टी ने भी चुनाव में कपड़ों से पहचानकर एक भी देशद्रोही को पंचायत से पार्लियामेंट तक कोई टिकट नहीं दिया  फिर पुलिस कैसे ऐसी मूर्ख भ्रष्ट हो गई जो बिना खास तरह की दाढ़ी और ऊँचा पायजामा ध्यान से देखे बिना ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया ।   

बोला- पुलिस वाले भी क्या करें । उनकी ट्रेनिंग ही ऐसी होती है कि वे या तो किसी ट्रेड डॉग की तरह किसी पर झपटते हैं या किसी राष्ट्रवादी भक्त की  भावना आहत होने की शिकायत पर  किसी को भी दिमागी नक्सल बताकर अनंत काल तक हिरासत में ले लेते हैं या फिर सलामी देने वाले दस्ते की तरह बाईं तरफ गर्दन घुमाकर सेल्यूट करते हैं ।  

हुआ यह कि सहारनपुर के सर्किट हाउस में एक जज आने वाले थे । संयोग से उसी समय ओवैसी वहाँ पहुँच गए तो उन्होंने बिना कोई खास ध्यान दिए उन्हें ही गार्ड ऑफ ऑनर देकर काम निबटा दिया ।  

हमने कहा- यह तो राष्ट्र के सम्मान, हिन्दुत्व  और संस्कृति के लिए बहुत खतरे और चिंता की बात हो गई । ऐसे पुलिस वालों को अज्ञान, अक्षमता और राष्ट्रद्रोह के लिए दंडित किया जाना चाहिए ।  

बोला- डबल इंजन की राष्ट्रवादी और बिना अदालत गए ही किसी संदेह पर ही बुलडोजर से तत्काल न्याय प्रदान करने वाली सरकार ने उच्चस्तरीय जाँच के आदेश दे तो दिए हैं ।  

हमने कहा- लेकिन  ओवैसी जो गार्ड ऑफ ऑनर लेकर भाग गया उसकी वसूली कैसे होगी ? कहीं माल्या, ललित मोदी, नीरव मोदी, राणा, मेहुल चौकसे की तरह विदेश भाग गया तो ? ओवैसी से जल्द से जल्द गार्ड ऑफ ऑनर वापिस ले लेना चाहिए ।  

बोला- यह कोई बैंक लोन थोड़े है जो बड़े घरानों का लाखों करोड़ ऐसे ही माफ कर दिया जाए और किसी गरीब को दस-पाँच हजार के लिए जेल में डाल दिया जाए ।  

हमने कहा- ठीक है लेकिन इतना तो किया ही जा सकता है कि गार्ड ऑफ ऑनर देने वालों का एक महिने का वेतन काट लिया जाए और ओवैसी की सांसद की पेंशन बंद कर दी जाए । और भविष्य में राष्ट्र को खतरे में डालने वाली किसी ऐसी चेष्टा को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस-भर्ती के समय ही जन्मपत्री देखकर ऐसे उम्मीदवारों को छाँट दिया जाए जो पिछले जन्म में मुसलमान थे । हो सकता है कि ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने वाले पाकिस्तानी घुसपैठिए मुसलमान या दिमागी नक्सल रहे हों ।  

 


पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)

(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach

No comments:

Post a Comment