Jul 27, 2026

27-07-2026 जाहिल, ज़ालिम, जल-जिहादी जुनैद बनाम जोशी


27-07-2026 


जाहिल, ज़ालिम, जल-जिहादी जुनैद बनाम जोशी 


आज जैसे ही तोताराम आकर बैठने को हुआ तो हमने कहा- क्या कोई जरूरी काम है, तोताराम ? 


बोला- वही जरूरी काम जो रोजाना होता है । आना, मन की बात करना, चाय पीना और चले जाना । क्या यह कोई काम नहीं है ? अरे यह दुनिया है ही क्या ? दर्शन मेला ही तो है, मिलन-जुलना ही तो है । कोई न कुछ साथ लेकर आता है और न कुछ साथ लेकर जाता है । यहीं सब कुछ लुटाना है ।सबसे प्रेम से मिलते रहो । तभी तो तुलसी बाबा कहते हैं- 

तुलसी या संसार में सबसे मिलियो धाय । 

ना जाने किस देस से पुरस्कार मिल जाय ॥ 

यदि मोदी जी घर बैठे रहें तो पुरस्कार कैसे मिलें ? दुनिया में भारत का डंका कैसे बजे ?


हमने कहा- मोदी जी की बात अलग है। वे तो नेहरू जी से भी अधिक समय तक देश की सेवा करने वाले, दारासिंह से भी तीन इंच अधिक 56 इंची छाती वाले, दुनिया में सबसे अधिक देशों के सर्वोच्च सम्मान से विभूषित प्रधानमंत्री हैं । 2047 का एजेंडा घोषित कर ही चुके हैं । आगे भी जब तक आवश्यक होगा सेवा करते ही रहेंगे क्योंकि वे अवतारी है जिन पर सन्यास जैसे लौकिक नियम लागू नहीं होते । 

 

लेकिन हम तो सामान्य आदमी हैं और ज़माना खराब है इसलिए हम चाहते हैं कि अब तुम यहाँ न ही आओ तो ठीक है । 


बोला- मैं तो नेहरू जी के जमाने से यहाँ आता और चाय पीता रहा हूँ । अब क्या हो गया ? 


हमने कहा- तब की बात और थी । अब योगी जी और मोदी जी हैं । न खाते हैं, न खाने देते हैं । कोई भी अपराध चाहे वह आर्थिक हो या सामाजिक या धार्मिक या फिर जिहादी; बच नहीं सकता । अभी गाजियाबाद के पास के एक जिहादी से पूछताछ चल रही है ।  


मोबाइल की एक छोटी-मोटी दुकान चलाने वाला है कोई । जंतर-मंतर पर कॉकरोचों को मुफ़्त खाना-पानी उपलब्ध करवा रहा था । कहाँ से आ रहा था इतना पैसा ? जरूर कोई आर्थिक अपराध हो रहा था सो धर लिया पूछताछ के लिए योगी की पुलिस ने । अब कल को भजन लाल की पुलिस मुझे धर ले और पूछे कि इस महँगाई में जहां लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है वहाँ तू रोज कहाँ से चाय, पकौड़ी का भंडारा लगा रहा है ? तुझे तो काँवड़ियों की सेवा करने के लिए दिल्ली सरकार की तरफ से कोई ग्रांट भी नहीं मिल रही है । 


बोला- कहीं तू जुनैद की बात तो नहीं कर रहा ? वह तो अपनी वेशभूषा से ही पहचाना जा सकता है । ये लोग जब मौका मिलता है तरह तरह के जिहाद करते रहते हैं । पहले लव जिहाद, यू पी एस सी जिहाद, फिर वैष्णोदेवी में मेडिकल जिहाद और अब यह जल जिहाद । हमारे यहाँ तो पानी पीने से पहले जात पूछी जाती है और यह जात क्या, पानी पिलाकर संस्कारी हिंदुओं का धर्म भ्रष्ट कर रहा है ।ये मुसलमान, ईसाई लोग ऐसे ही लोगों की मदद के बहाने धर्म परिवर्तन करवाते हैं । 

हमने कहा- एक दूसरे की मदद करना तो इंसानियत है । और अगर इससे ही धर्म परिवर्तन होता है तो हिंदुओं को भी चाहिए कि दुनिया के सभी जरूरतमंदों की मदद करके उन्हें हिन्दू बना लें । 


बोला- इसका काम तो बहुत ही खतरनाक था । यह जाहिल, ज़ालिम, जल-जिहादी जुनैद तो मोदी जी को उनके प्रिय और प्रधान धर्म (धर्मेन्द्र प्रधान) से अलग करने के लिए आंदोलन करने वालों को खाना खिला रहा था । कितना बड़ा अपराध कर रहा था ।अरे, जब धर्म ही नहीं रहेगा तो कौन मोदी जी की रक्षा करेगा ? जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है । धर्म के इन्द्र ने ही तो पेट्रोलियम मंत्री रहते हुए संघ के आनुषंगिक संगठनों को ओएनजीसी से 688 करोड़ का चन्दा दिलवाया था । 


हमने कहा- तो अब मोदी जी क्या करेंगे ? बिना धर्म-धन के कैसे काम चलेगा ?


बोला- मोदी जी का भी कोई जवाब नहीं हैं । तेरे जैसे डरपोक जोशी से तो कुछ होना हवाना नहीं । अब वे एक असली ‘जोशी’ को लाए हैं ।

प्रह्लाद जोशी । पिछले जन्म में इन्हीं को हिरण्यकश्यप की पार्टी में ऑपरेशन लोटस करके भाजपा में लाया गया था । ‘जुनैद’ का इलाज करने के लिए ‘जोशी’ । जैसे कंस को  निबटाने के लिए कृष्ण और गांधी को निबटाने के लिए गोडसे । ज्योतिष में माना जाता है कि एक राशि वालों की कभी बनती नहीं ।


हमने कहा- फिर भी हम रिस्क नहीं लेना चाहते । हम कोई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तो हैं नहीं जो हजारों करोड़ चन्दा इकट्ठा करके भी न रजिस्ट्रेशन, न हिसाब दें, न ऑडिट करवाएं । 

 

बोला- अगर तुझे ज्यादा ही डर लग रहा है तो कल से भगवा गमछा गले में डाल लिया कर और जनेऊ कुर्ते के ऊपर पहनना शुरू कर दे । 



पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)

(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach

No comments:

Post a Comment