19-07-2026
मोदी जी का गुपचुप 'मीगा'
हमने कहा- तोताराम, आजकल हमें मोदी जी को लेकर बहुत चिंता हो रही है ।
बोला- चिंता करने की कोई बात नहीं है। मोदी जी बाल ब्रह्मचारी, संयमी, शांतचित्त, ऋषि हैं । अवतारी हैं, अनादि हैं, अनंत हैं । जब तक चाहेंगे इस देश-दुनिया की सेवा करेंगे और फिर अपनी माया समेटकर अपने लोक को चले जाएंगे ।
हमने कहा- हमें उनकी क्षमताओं पर कोई संदेह नहीं है लेकिन आजकल जिस तरह ट्रम्प जैसे लफंगे लोग उन्हें गरिया रहे हैं, मजाक बना रहे हैं, कभी भी उनका करियर खराब करने की धमकी दे रहे हैं, जब जितना चाहे टेरिफ़ लगाकर मोदी जी को टेरिफाइ कर रहे हैं, जब चाहे युद्ध विराम करवाने का जुमला फेंककर मोदी जी को लज्जित कर रहे हैं, कभी ईरान या रूस से तेल नहीं खरीदने का आदेश देकर उन्हें अपनी औकात दिखा रहे हैं, उसी से हमें चिंता हो रही है । कहाँ तो 56 इंची छाती वाला पठान का बच्चा, कुर्सी को तुच्छ समझने वाला, कभी भी झोला उठाकर लेकर चल देने की घोषणा करने वाला मस्तमौला फकीर और कहाँ यह बेइज्जती, यह तमाशा !
बोला- आज मोदी जी को चुपचाप डरा हुआ सा देखकर कुछ भी उल्टा-सीधा समझने की जरूरत नहीं है । इनकी चुप्पी को कायरपन मत समझ । कभी कभी महान लोगों को कूटनीति के तहत इसी तरह दिखाना पड़ता है । हो सकता है जिसे कमजोर समझकर लोग लतिया रहे हों गली का वह मरियल सा खजुहा कुत्ता कोई बहुत खतरनाक जासूसी कुत्ता हो, किसी गुप्तचर एजेंसी का हैड हो जो वेश बदलकर किसी बड़े और सीक्रेट मिशन पर हो ।
हमने कहा- ऐसा तो नहीं है । मोदी जी जब चाहे बहुत ऊंची ऊंची फेंकते हैं । 24 जून 2023 को वाशिंगटन में कैनेडी सेंटर में बोलते हुए कहा था कि आज भारत में हर साल एक नई IIT और एक नया IIM बन रहा है। हर सप्ताह एक नई यूनिवर्सिटी बन रही है। हर दो दिन में एक नया कॉलेज बन रहा है। हर दिन एक नई आईटीआई की स्थापना हो रही है। जबकि हमें तो ऐसा कुछ होता-हवाता दिख नहीं रहा है । पिछले दस सालों में लगभग एक लाख सरकारी स्कूल जरूर बंद हो गए ।
बोला- वास्तव में खुल तो रहे इससे कई गुना ज्यादा है लेकिन मोदी जी दुनिया को सच बता नहीं रहे हैं । पत्रकारों को कहीं कोई जगह खाली खेत दिखाई दे रहे हैं जबकि वहाँ गुप्त रूप से विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं । वैसे ही जैसे कलाम साहब ने अमेरिका को धोखा देकर पोकरण में गुप्त रूप से परमाणु विस्फोट किया था ।
ट्रम्प दुनिया में हल्ला मचा रहा है- ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ लेकिन हो कुछ नहीं रहा है । मोदी जी किसीको को बताते नहीं हैं। गुपचुप काम कर रहे हैं । दुनिया को दिखाने के लिए बावले बने हुए हैं। लोग समझते हैं कायर हैं, किसी फ़ाइल से डरे हुए हैं । पर्ची देखकर योर एक्सीलेंसी बोल रहे हैं । बहुत सी बातों में चुप लगा जाते हैं । सब गुप्त योजना है ।
वैसे तो इंडिया आल रेडी ग्रेट है फिर भी किसी एक दिन विस्फोट कर देंगे । दुनिया को भारत की प्रगति दिखाकर चमत्कृत कर देंगे । यह देखो ग्रेटेस्ट भारत । अमेरिका से भी ग्रेट । वैसे ही जैसे इधर-उधर से सांसद और विधायक जुगाड़कर कर भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बना रहे हैं ।
आज का अखबार पढ़ा ?
हमने पूछा- उसमें क्या है ? वांगचुक को उठवा लिया ।
बोला- और कुछ भी तो है । विकास का गुजरात मॉडल । दाहोद में 25 घंटे में बैंक खड़ा कर दिया ।
हमने कहा- वास्तव में नहीं । यह तो वहाँ के कुछ ठगों ने एक ज्वेलर से सोने का एक बिस्किट खरीदने के नाम पर उसे दिखाने के लिए वैसे ही एक बैंक का एक सेट अप खड़ा कर दिया था । ऐसे तो गुजरात में कुछ लोगों ने ऐसे ही राजमार्ग पर अवैध टोल बूथ भी चला रखा था ।
बोला- लेकिन इससे मोदी के वाइब्रेन्ट गुजरात की क्षमता का तो पता चलता ही है ।क्षमता तो क्षमता है । किसी भी तरह की हो सकती है ।
हमने कहा- फिर तो भारत पर 60 सालों में हुए 55 लाख करोड़ कर्ज का मोदी जी के 12 सालों में बढ़कर 255 लाख करोड़ हो जाना भी विकास है ?
बोला- बिल्कुल । अमेरिका की जीडीपी है 31 ट्रिलियन और कर्ज है 39 ट्रिलियन । अभी भारत की जीडीपी है 5 ट्रिलियन और कर्ज 2.5 ट्रिलियन । एक बार कर्ज 40 ट्रिलियन हो जाने दे उसके बाद जीडीपी भी बढ़ आएगी ।
हमने कहा- जीडीपी का तो पता नहीं लेकिन कर्ज जरूर बढ़ता जा रहा है ।
बोला- कर्ज भी जिसकी कोई साख होती है उसी को मिलता है । तुझे बैंक अब पेंशन पर एडवांस नहीं देता और अंबानी अदानी का लाखों करोड़ कर्ज माफ कर दिया जाता है और लाखों करोड़ कर्ज दे दिया जाता है ।
तुझे ये बड़ी बातें समझ नहीं आएंगी । चल चाय बनवा ।
पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)
(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach
No comments:
Post a Comment