27-11-2026
ब्लैक फ्राइडे बनाम भगवा ट्यूजडे
आज हमने सुबह सुबह ही अप्रत्याशित रूप से तोताराम को फोन लगा दिया । वैसे ही जैसे ट्रम्प कभी भी ‘’मन की बात’ करने के लिए अपने फ्रेंड मोदी जी को आधी रात को जागा देता है । बड़ी मुश्किल से दो-चार घंटे सोने का टाइम निकालते हैं उसमें भी डिस्टरबेन्स । लेकिन करें क्या, दोस्ती वाला मामला ठहरा ।
बोला - यह कोई टाइम है फोन करने का । जब वहाँ बंगलुरु में तेरा मन मेरे बिना नहीं लगता तो चला आ यहीं ।
हमने कहा- वो बात नहीं है । मन का क्या है ? जब मोदी जी 12 एकड़ में फैले इतने बड़े घर में अकेले रह सकते हैं तो यहाँ हमारे पास तो बच्चे हैं । बात कुछ और ही थी फोन करने की ।
बोला- क्या बात ?
हमने कहा- पहले अमेरिका बात करना बहुत महंगा हुआ करता था सो हम अमेरिका से मैजिक जैक नाम की एक डिवाइस ले आए थे । उसमें 15-20 डॉलर क पैकेज डलवाने पर अमेरिका चाहे जितनी बात कर सकते थे । अब उसके जब तब मेल में मेसेज आते रहते हैं । दो चार दिनों से तो मेल में ब्लेक फ्राइडे सेल के कई मेसेज आ गए । व्हाट्सअप में तो ब्लॉक करने का विकल्प हैं लेकिन मेल में उससे कैसे पीछा छुड़वाएं, समझ में ही नहीं आता ।
बोला- यह तो बहुत चिंता की बात है । आजकल राष्ट्र भक्त सरकारों ने देश की सुरक्षा के लिए लोगों के कंप्यूटर और फोन की निगरानी शुरू कर दी है । यह सच है कि तू बहुत डरपोक है । देशद्रोह तो बहुत दूर की बात है । तू तो संसद की ओर ‘तिरंगा मार्च' करने का साहस भी नहीं जुटा सकता । फिर भी अगर ‘ब्लेक फ्राइडे’ से किसी ट्रोल टीम ने कुछ और समझ लिया तो मुश्किल हो जाएगी ।
इसमें तो दो खतरनाक संकेत शामिल हैं । एक तो ब्लैक और दूसरा फ्राइडे । तुझे पता है कि फ्राइडे किन का दिन है । एक दम टेस्टिड और प्रमाणित देशद्रोही विधर्मियों का । अगर 'ब्लेक ट्यूजडे’ होता तो भी चलता क्योंकि ट्यूजडे हनुमान जी का दिन होता है । वैसे है तो ब्लेक भी खतरनाक क्योंकि मोदी जी बहुत शुद्ध सात्विक, उजली दाढ़ी और उजले चरित्र के व्यक्ति हैं ।
तुझे पता होना चाहिए मोदी जी स्विस बैंकों से भी ब्लेक मनी इसीलिए नहीं लाए क्योंकि उन्हें ब्लेकमनी से घृणा है । देश के ब्लेक मनी को समाप्त करने और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए बड़े नोटों की बंदी की थी । यह बात और है कि दुर्भाग्य से ब्लेक मनी कम हुआ नहीं और 1000 की जगह 2000 का नोट और चलाना पड़ गया । अर्थव्यवस्था का भट्टा बैठ गया सो अलग ।
हमने कहा- तो क्या करें ?
बोला- मैजिक जैक वाले को लिख दे कि अगर वह ‘भगवा ट्यूजडे’ जैसी किसी डिवाइस की सेल लगाए तो खरीद सकते हैं ।
हमने कहा- तो फिर यह खिचड़ी ‘भगवा ट्यूजड़े’ क्यों ? शुद्ध हिन्दी में ‘भगवा मंगलवार’ क्यों नहीं ।
बोला- नेहरू जी के नेतृत्व वाली सरकार ने अंग्रेजों के इंपीरियल लेजिसलेटिव काउंसिल का नाम बदलकर 1947 में ‘संसद भवन’ कर दिया था । लेकिन तुझे पता होना चाहिए मोदी जी का टेस्ट बहुत फैशनेबल और आधुनिक है तभी तो उन्होंने नए भवन का नाम ‘संसद भवन’, ‘केन्द्रीय लोकभवन’, ‘सनातन सदन’ आदि रखने की बजाय एकदम धांसू नाम रखा है-
‘सेंट्रल विष्टा’ ।
पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)
(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach
No comments:
Post a Comment