Jun 20, 2026

20-06-2026 मेलोनी की फिगर

20-06-2026 

मेलोनी की फिगर 


हमने पूछा- तोताराम, मेलोनी की फिगर क्या है ? 

बोला- इस बुढ़ापे में बच्चों के बारे में ट्रम्प की तरह लूज टाक करते हुए तुझे शर्म नहीं आती ? फिगर मॉडल की होती है । वह उसका प्रदर्शन करती है और लाभ उठाती है ।

हमने कहा- मेलोनी हमारे सबसे छोटे बेटे से भी 10 साल छोटी है । तूने क्या हमें इतना लंपट समझ लिया ।मॉडल विज्ञापन करने वाले ही नहीं होते । किसी भी क्षेत्र में कोई  मानदंड स्थापित करने वालों को भी मॉडल ही कहते हैं ।लगता है तूने एनटायर इंग्लिश में एम ए किया है ।  मेलोनी को हम एक मॉडल प्रधानमंत्री मानते हैं । बड़ी खुद्दार और दबंग नेता है । लेखिका सिंगल मदर की जिजीविषा वाली बेटी है ।कोई उचक्का टाइप प्रॉपर्टी डीलर नहीं है । उसका एक व्यक्तित्व है । 

बोला- लेकिन फिगर का तो एक ही अर्थ होता है छाती, कमर और कूल्हों का नाप जैसे 36-28-36 ।  इसे जानकर तुझे क्या करना है । वैसे इसमें पूछना क्या है । वैसे ही दिखाई देता कि सामान्य हाइट और फिगर की एक लड़की है । होगा 32 इंच सीना । 

हमने कहा- वो तो ठीक है । लेकिन जी -7 सम्मिट में अपने फूहड़ और बड़बोले स्वभाव के अनुसार कुछ भी बोल देने वाले ट्रम्प ने जब कहा कि मेलोनी तो मेरे साथ फ़ोटो खिंचवाने के लिए गिड़गिड़ा रही थी, मरी जा रही थी तो मेलोनी ने जो जवाब दिया उससे हम कन्फ्यूज हो गए । उसने कहा- ट्रम्प बकवास कर रहे हैं । न इटली और न मैं किसी के सामने गिड़गिड़ाने वाले हैं । उसके इस जवाब से हमें लगा कि उसका सीना कम से कम 112 इंच का तो होगा ही । 

बोला- वीरता और आकार दो चीजें हैं । जरूरी नहीं कि बड़े आकार वाला वीर हो ही । वीरता तन का नहीं मन का विषय है । वीरता का मूल भाव है साहस । तभी सूक्ति है-  

न संशयमनारुह्य नरो भद्राणि पश्यति।

संशयं पुनरारुह्य यदि जीवति पश्यति॥

  • सरल अर्थ: बिना जोखिम (मुसीबत या संदेह) उठाए कोई भी मनुष्य सुख, समृद्धि या भलाई प्राप्त नहीं कर सकता। लेकिन यदि वह जोखिम उठाता है और जीवित बच जाता है, तभी वह सफलता (कल्याण) का दर्शन करता है। 

  •  संदेश: यह श्लोक हमें सिखाता है कि महान उपलब्धियों के लिए साहस और कदम उठाना जरूरी है। डरकर पीछे रहने वाले कभी आगे नहीं बढ़ते, और जो जोखिम उठाकर आगे बढ़ते हैं, विजय उन्हीं को मिलती है।

ऐसे नेता को ही जनता दिल से अपना नेता मानती है और उसके पीछे चट्टान की तरह खड़ी हो जाती है जैसे कि ईरान के नेताओं के साहस के कारण वहाँ की जनता एकजुट हो गई और विजयी हुई । 

 हमने कहा- लेकिन मोदी जी ने 56 इंची सीने के बावजूद ट्रम्प से अपने नागरिकों की हत्या के बारे में कुछ नहीं कहा । पहले जहाँ ‘माइ फ्रेंड’  कहा करते थे वहाँ हर वाक्य में  ‘योर एक्सेलेंसी’ कह रहे थे । 

बोला- अब जब ट्रम्प बार बार मोदी जी को कभी ब्यूटीफुल, कभी एंजिल कह कर खुशामद कर रहा था तो फिर उसे झिड़कना अच्छा भी नहीं लगता । 80 साल का बुजुर्ग आदमी है ।  

मोदी जी बहुत संवेदनशील और लिहाज करने वाले विनम्र व्यक्ति हैं ।उन्होंने कभी सलमान खान या धर्मेद्र की तरह कमीज उतारकर अपने सीने का प्रदर्शन नहीं किया । कुम्भ में स्नान किया तो भी धोती कुर्ता पहनकर ।   

और फिर यह 56 इंची सीना वास्तव में थोड़े होता है । यह तो अतिशयोक्तिपूर्ण प्रतीकात्मक कथन है । दारा सिंह का सीना भी 56 नहीं केवल 52 इंच का ही था ।  


 


पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)

(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach

No comments:

Post a Comment