May 16, 2026

16-05-2026 नो फ़ोटो, प्लीज !


16-05-2026 


नो फ़ोटो, प्लीज !






आज तोताराम कोई 8 बजे आया । हमने कहा- सारे दिन चाय नहीं बनती । यह कोई रेलवे स्टेशन की चाय की दुकान थोड़े ही है जो चाय का भगोना धीमी आँच पर हर समय चढ़ा रहेगा और जैसे ही ट्रेन आई चीनी और दूध डाला और चल पड़े ‘चाय गरम’ कहते हुए ।हाँ, कल बहू स्कूल से आते समय गन्ने का रस ले आई थी । उसमें से कुछ बचा हुआ होगा तो दो घूंट पिला देंगे ।  


बोला- प्रभु, मैं चाय पीने नहीं बल्कि चुनाव कार्यालय में चलने के लिए आया हूँ । पता कर ही लेना चाहिए कि वॉटर लिस्ट में नाम है या नहीं । नहीं तो जैसे बंगाल में SIR में काट दिए नाम वालों की सभी सरकारी सुविधाएं बंद कर दी गई हैं वैसे ही कहीं अति उत्साह में आकर मोदी जी ने हमारी पेंशन बंद करवा दी तो मुश्किल हो जाएगी । फिर 2047 का मोदी जी का अति विकसित भारत देखना तो दूर 2027 पकड़ना भी मुश्किल हो जाएगा ।  


हमने कहा- तो ठीक है, यही घर के आगे खड़े हो जाते हैं । कभी कभी यहाँ से ही ऑटो मिल जाता है । सीधे कलेक्टरेट के आगे उतार देगा । 


बोला- नहीं, ऑटो से नहीं, पैदल चलेंगे । मोदी जी की अपील के बाद क्या हम डीजल पेट्रोल बचाने के लिए इतना भी नहीं कर सकते । अपने राजस्थान के तो एक मंत्री बस से जा रहे थे तो एक साइकल पर । यह बात और है कि उनका फ़ोटो लेने के लिए पीछे पीछे कार चल रही थी और साइकिल से गिर पड़ने की स्थिति में एक अंबुलेन्स भी । और बिहार के ‘सम्राट’ तो पैदल ही निकल पड़े । 


हमने कहा- तो फिर पोती से कह देते हैं वह हम दोनों का पैदल चलते हुए फ़ोटो ले लेगी । शाम को फ़ोटो अखबार में दे आएंगे । क्या पता छप ही जाए । और ऊपर मोदी जी को भी भिजवा देंगे । क्या पता कभी वक़्त जरूरत काम ही आ जाए । 


बोला- नहीं मास्टर, मैं अब किसी के साथ कोई फ़ोटो नहीं खिंचवाना चाहता है । पता नहीं, कौन किस रूप में किस अपराध में शामिल निकल आये और बिना बात मेरी बदनामी हो जाए । लोग आजकल मोदी जी के साथ अदानी, अनिल अंबानी, बीएचयू के गैंग रेप के अपराधियों, कुणाल पांडे, अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल तथा सिडनी की एक अदालत द्वारा महिलाओं के अपहरण और बलात्कार के दोषी बालेश धनखड़ के फ़ोटो दिखा दिखाकर जाने क्या क्या बातें कर हैं ? 


हमने कहा- तो क्या हम तुझे अपराधी नजर आ रहे हैं ? 


बोला- किसे पता ? तभी तो कहा है-


सबसे बच-बच कर चलना है  दुनिया में इंसान रे 

ना जाने किस वेश में बाबा मिल जाए शैतान  रे । 


अभी देखा नहीं राजस्थान में नीट पेपर लीक के आरोपी बिंवाल का शिक्षामंत्री मदन दिलावर के साथ फ़ोटो दिखाकर लोग जाने क्या क्या कह रहे हैं । ये तो मदन जी हैं दिलावर हैं मतलब बहादुर और साहसी जो कुछ भी कहकर बच जाएंगे लेकिन मेरा क्या होगा ? मैं कोई हिमन्ता, अधिकारी, अशोक चव्हाण थोड़े हूँ जो पाक साफ भी घोषित के दिया जाऊँगा और मंत्री भी बना दिया जाऊंगा । 

 

हमने कहा- लेकिन हम पर किसी पेपर लीक का या अन्य भ्रष्टाचार आरोप कैसे लगा सकता है ? हम तो पिछले 25 साल से बरामदे में बैठे हैं । 


बोला- आज जिस बिंवाल पर पेपर लीक का आरोप है चार साल पहले उसके परिवार के चार-पाँच बच्चे नीट में सलेक्ट हुए थे और तेरे परिवार के चार बच्चे भी आई आई टी से जुड़े हैं दो बेटे और दो पोते । इतना प्रमाण क्या कम है ? चलना हो तो चल, ऑटो से चल या पैदल लेकिन


 ‘नो फ़ोटो प्लीज’ ।    



पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)

(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach

No comments:

Post a Comment