19-05-2026
गर्व से कहो हम कॉकरोच है
आज जैसे ही तोताराम आया, हमने कहा- तोताराम, क्यों न अपन भी कोई पार्टी बना लें ।
बोला- बनी तो हुई है बी टी पी बरामदा टी पार्टी । एक टी पार्टी बनी थी अमेरिका में ‘बोस्टन टी पार्टी’ जिसने सब कुछ बदलकर रख दिया था और एक तेरी यह बरामदा टी पार्टी । आज तक कुछ नहीं हुआ ।
हमने कहा- तो इसे बीजेपी बना लेते हैं ‘बरामदा जनता पार्टी’ या ‘बुढ़ऊ जनता पार्टी’ ।
बोला- वह भी करके देख लिया लेकिन हिमन्त बिसवा, सुवेन्दु अधिकारी, अशोक चव्हाण तो दूर कोई राघव चड्ढा भी चड्डी पहनने नहीं आया ।
हमने कहा- पार्टी में कोई नाम से नहीं दाम और भय से आता है । हमारे पास कौन सा पी एम केयर फंड या इलेक्शन बॉन्ड का धन है और डराने के लिए कौनसी पुलिस, ईडी है ।
बोला- और चाय भी थर्ड क्लास ।
हमने कहा- तो फिर बरामदा झालमुड़ी पार्टी बना लेते हैं ।
बोला- अब झालमुड़ी और नौकाविहार का समय गया । वह अगर आएगा तो 2031 में चुनाव के समय । अब फाँकता रहे बंगाल झालमुड़ी और चलता रहेगा बुलडोज़र ।
हमने कहा- तो सी जे पी बना लेते हैं । सी जे पी मतलब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ।
बोला- कल्पना भी की तो कंजूसी वाली । मिर्ची के साथ रोटी की । कल्पना में तो मोदी जी वाला मशरूम खा लेता । सी जे पी से क्रोकोडाइल जनता पार्टी भी तो बना सकता था । मोदी जी वाला मगरमच्छ का बच्चा । अब तक तो जनता रूपी गजराज को समुद्र में घसीट ले जाने लायक बड़ा हो गया होता । लेकिन नहीं, रहा वही का वही कॉकरोच । जरा की आवाज हुई, लाइट जली तो फिर भयभीत होकर किसी नाली या दरार में गायब ।
हमने कहा- लेकिन यह नई पार्टी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ हो तो बहुत पोपुलर रही है । दो दिन में ही चालीस हजार हो गए । वैसे अगर कॉकरोच जनता पार्टी न बनाओ तो भी इस देश में बहुमत कॉकरोचों का ही है । काँवड़ लाने वाले, मस्जिदों के आगे डी जे बजाने वाले, गौरक्षक सब कॉकरोच से अधिक कुछ नहीं हैं । और हम तो कहते हैं ये राज्यसभा में जाने के लिए, अपने बच्चों को नौकरी दिलवाने के लिए गटर में उतरने वाले जज भी कॉकरोच से ज्यादा कुछ नहीं हैं । रात ढले बचा खुचा भोजनखाने वाले निर्देशक मण्डल के सदस्य भी हमें तो कॉकरोच ही लगते हैं ।
बोला- वैसे एक बात तो है मास्टर, कॉकरोच उड़ भी लेते हैं ।
हमने कहा- लेकिन धर्म और राष्ट्रवाद की ‘लक्ष्मण रेखा’ को पार करना किसी भी कॉकरोच के लिए संभव नहीं ।और उन्हें पार किए बिना कोई भी सार्थक परिवर्तन संभव नहीं ।
पोस्ट पसंद आई तो मित्र बनिए (क्लिक करें)
(c) सर्वाधिकार सुरक्षित - रमेश जोशी । प्रकाशित या प्रकाशनाधीन । Ramesh Joshi. All rights reserved. All material is either published or under publication. Jhootha Sach
No comments:
Post a Comment